
मंडल रेल प्रबंधक झाँसी अनिरुद्ध कुमार ने डीज़ल लोको शेड, झाँसी का निरीक्षण किया, निरीक्षण के दौरान उन्होंने शेड में कार्यरत कर्मचारियों के कल्याण से संबंधित विषयों पर वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (डीज़ल) से चर्चा की तथा लोकोमोटिव की स्थिति का गहन निरीक्षण किया।
मंडल रेल प्रबंधक द्वारा शेड के लैब सेक्शन, टेस्ट रूम सेक्शन, एयर ब्रेक सेक्शन एवं कार्यालयों का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान कार्यप्रणाली, सुरक्षा मानकों एवं रख-रखाव की समीक्षा की गई।
डीज़ल लोको शेड, झाँसी द्वारा गुणवत्ता, स्वच्छता एवं स्क्रैप डिस्पोज़ल के क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट कार्यों की सराहना करते हुए मंडल रेल प्रबंधक ने शेड को रुपये50,000/- (पचास हजार रुपये) का ग्रुप कैश अवार्ड प्रदान किया।
मंडल रेल प्रबंधक ने वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (डीज़ल) /झाँसी एवं मंडल यांत्रिक इंजीनियर (डीज़ल) /झाँसी को डीज़ल लोको शेड में तकनीकी उन्नयन (Technical Upgradation) के क्षेत्र में कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने शेड के कर्मचारियों को इसी प्रकार उत्कृष्ट कार्य करते रहने हेतु प्रोत्साहित किया तथा शेड में सुरक्षा के साथ कार्य करने पर विशेष जोर दिया।
