
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, झाँसी के निर्देशन में, पुलिस अधीक्षक नगर, प्रीति सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक श्रीमती अरीबा नोमान एवं क्षेत्राधिकारी सदर श्रीमती प्रिया सिंह द्वारा थाना नवाबाद में “ऑपरेशन जागृति” कार्यक्रम के अंतर्गत महिला एवं बालिका सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान महिला अधिकारियों द्वारा बताया गया कि अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन, कानपुर श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ द्वारा पण्डित दीनदयाल सभागार में आयोजित “ऑपरेशन जागृति एवं साइबर क्राइम अवेयरनेस कार्यक्रम” का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारम्भ किया गया था। उक्त अवसर पर महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों की रोकथाम, झूठे मुकदमों की प्रवृत्ति पर नियंत्रण, किशोर-किशोरियों के पलायन की समस्या, साइबर अपराधों एवं साइबर बुलिंग से बचाव, सामाजिक कुरीतियों एवं नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता के साथ-साथ विभिन्न कानूनी अधिकारों एवं सहायता सेवाओं के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई थी l
साथ ही साइबर अपराधों, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, महिला उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, बाल संरक्षण एवं महिला सशक्तिकरण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं। अधिकारियों द्वारा बताया गया कि ऑपरेशन जागृति का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों एवं सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक कर उन्हें आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाना है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं एवं बालिकाओं की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान हेतु आवश्यक सुझाव एवं सहायता प्रदान की गई। साथ ही सभी को किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता प्राप्त करने हेतु उपलब्ध हेल्पलाइन सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
झाँसी पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलम्बन को बढ़ावा देने हेतु इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में थाना कोतवाली पुलिस द्वारा भी ऑपरेशन जागृति अभियान के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा, साइबर जागरूकता तथा विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं के संबंध में जागरूक किया गया।
