
झाँसी मंडल के वाणिज्य विभाग को विगत कई दिनों से गाड़ी क्रमांक 22537 कुशीनगर एक्सप्रेस के पैंट्री कार में पैंट्री कार स्टाफ द्वारा अनधिकृत रूप से गोरखपुर से मुंबई की ओर यात्रियों से पैसा लेकर यात्रा कराए जाने की शिकायतें प्राप्त हो रही थींl
मंडल रेल प्रबंधक के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक के निर्देशन में सहायक वाणिज्य प्रबंधक झाँसी अनिल श्रीवास्तव के नेतृत्व में मंडल मुख्य टिकट निरीक्षक मनोहर लाल मीणा, सीटीआई स्टेशन अशोक त्रिपाठी, सीटीआई वीरेंद्र अहिरवार, सीसीआई सोहन राय , कैटरिंग इंस्पेक्टर आनंद एवं अन्य टिकट चेकिंग स्टाफ द्वारा गाड़ी क्रमांक 22537 कुशीनगर एक्सप्रेस के पैंट्री कार में झांसी से ललितपुर स्टेशन के मध्य औचक चेकिंग की गई।
चेकिंग के दौरान कुशीनगर एक्सप्रेस की पैंट्री कार में 10 बिना टिकट यात्री पाए गए जिनमें से कई यात्रियों द्वारा पैंट्री कार मैनेजर विजय सिंह राजावत एवं अनिकेत राजावत द्वारा यात्रा कराने के एवज में पैसे लेने की बात बताई गई एवं पैंट्री कार मैनेजर ने भी यात्रियों से पैसे लेना स्वीकार किया। सभी यात्रियों को नियमानुसार चार्ज कर पैंट्री कार से हटाया गया। जांच के दौरान पैंटी कर में कई अन्य अनियमितताएं भी पाई गई जिसमें 16 पेटी अनाधिकृत पानी की बोतले जब्त कर ललितपुर स्टेशन पर जमा करवाई गई। पैंट्री कर स्टाफ की कोई भी अधिकृत सूची भी नहीं पाई गई।
इसके अलावा अन्य सभी शिकायतों की रिपोर्ट बनाकर झाँसी मंडल द्वारा संबंधित विभाग को भेजी जा रही है।
