
झाँसी में नवाबाद थाना पुलिस ने नकली सिगरेट और सिगरेट की पैकेजिंग सामग्री तैयार कर कंपनी को धोखा देने के मामले में ITC कंपनी की शिकायत पर छापेमारी कर कथित नकली सिगरेट बनाने वाली फैक्ट्री और गोदाम से करीब दो करोड़ रुपये कीमत का माल, कच्चा माल और मशीनरी बरामद की है। मामले में फैक्ट्री मालिक को गिरफ्तार किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बताया कि पुलिस टीम ने ITC के प्रतिनिधियों की शिकायत पर गुमनावारा-पिछोर क्षेत्र के महाराणा प्रताप नगर स्थित गोदाम और फैक्ट्री में छापेमारी की। यहां से फैक्ट्री मालिक श्रीनिवास मिश्रा को गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने ने बताया कि गोदाम से गोल्ड फ्लेक और विल्स ब्रांड की सिगरेट से संबंधित पैकेजिंग सामग्री, फिल्टर रॉड, तंबाकू और सिगरेट के बॉक्स बरामद हुए। ITC टीम की जांच में गोल्ड फ्लेक ब्रांड की बरामद सिगरेट और संबंधित सामग्री को नकली पाया गया। विल्स ब्रांड की नकली पैकेजिंग सामग्री भी बरामद होने की बात सामने आई l
फैक्ट्री में नकली सिगरेट बनाने के लिए तीन बड़ी मशीनों का एक सेट लगा था, जो चालू अवस्था में मिला। मशीनों के पास बड़ी मात्रा में तंबाकू भी रखा था। फैक्ट्री से तंबाकू की 81 बोरियां, टेपिंग मशीन, फिल्टर रॉड, सिगरेट पेपर के रोल और पैकेजिंग सामग्री बरामद की गई।
आरोपी अपने ब्रांड ‘रॉयल स्कॉट’ और ‘डिफेंडर’ के नाम से सिगरेट का कारोबार करता था। इसी की आड़ में पिछले कई माह से गोल्ड फ्लेक ब्रांड व विल्स की कथित नकली सिगरेट तैयार की जा रही थी।
गोदाम और फैक्ट्री से बरामद नकली सिगरेट, कच्चे माल, पैकेजिंग सामग्री, मशीनरी और अन्य सामान का अनुमानित बाजार मूल्य करीब दो करोड़ रुपये बताया गया है। कार्यवाही के दौरान बरामद सामग्री जब्त कर गोदाम और फैक्ट्री को सील कर दिया गया और आरोपी को गिरफ्तार कर कानूनी कार्यवाही की जा रही है l
