शारदीय नवरात्रि प्रतिमा विसर्जन और दशहरा पर्व को देखते हुए महानगर में कल मंगलवार, 20 अक्टूबर 2026 को यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। प्रतिमा विसर्जन शोभायात्राओं और रावण दहन कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष डायवर्जन प्लान जारी किया है। इसका उद्देश्य शहर में यातायात को सुचारु बनाए रखने के साथ ही आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
झाँसी यातायात पुलिस की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, प्रतिमा विसर्जन और दशहरा कार्यक्रमों के मद्देनजर शहर के कई प्रमुख मार्गों पर तीन पहिया और चार पहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। कुछ मार्गों पर दोपहिया वाहनों को भी वैकल्पिक रास्तों से निकाला जाएगा।
खंडेराव गेट: खंडेराव गेट से कोतवाली की ओर तीन पहिया और चार पहिया वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
सर्राफा बाजार/गंदीगर का टपरा: यहां से मुरली मनोहर मंदिर की ओर जाने वाले तीन पहिया और चार पहिया वाहनों को प्रवेश नहीं मिलेगा। इन वाहनों को दाहिनी ओर डायवर्ट किया जाएगा।
मिनर्वा चौराहा: मिनर्वा चौराहे से कोतवाली की ओर तीन पहिया और चार पहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
सिंधी तिराहा से मानिक चौक और जवाहर चौक की ओर: इस मार्ग पर तीन पहिया और चार पहिया वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
मुरली मनोहर मंदिर से लक्ष्मी गेट की ओर: इस मार्ग पर जाने वाले दोपहिया, तीन पहिया और चार पहिया वाहनों को घास मंडी तिराहे से सागर गेट की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
लक्ष्मी गेट से मुरली मनोहर मंदिर की ओर: इस दिशा में वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
शांति भवन तिराहा से लक्ष्मी गेट की ओर: इस मार्ग पर तीन पहिया और चार पहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
यातायात पुलिस की व्यवस्था के अनुसार, लक्ष्मी गेट पर प्रतिमा पहुंचने के बाद डीजे और श्रद्धालुओं को शांति भवन की ओर डायवर्ट किया जाएगा, जबकि प्रतिमा को लक्ष्मी ताल की ओर भेजा जाएगा। इससे विसर्जन स्थल पर भीड़ का दबाव कम रखने में मदद मिलेगी।
वहीं, काली माता तिराहे से प्रतिमाएं बाईं ओर से लक्ष्मी ताल की तरफ प्रवेश करेंगी। प्रतिमा विसर्जन के बाद श्रद्धालुओं के बाहर निकलने के लिए दाईं ओर का रास्ता निर्धारित किया गया है।
क्राफ्ट मेला मैदान में आयोजित दशहरा कार्यक्रम को देखते हुए भी यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है।
झलकारी बाई तिराहा: झलकारी बाई तिराहे से किला मार्ग पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
मिनर्वा चौराहा: मिनर्वा चौराहे से किला मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
झरना गेट: झरना गेट से क्राफ्ट मेला मैदान की ओर वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
विपिन रावत पार्क कट: यहां से दीनदयाल सभागार की ओर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इन प्रतिबंधों से एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य अत्यावश्यक आपातकालीन सेवाओं वाले वाहनों को छूट रहेगी। ऐसे वाहनों को प्राथमिकता के आधार पर मार्ग उपलब्ध कराया जाएगा।
झाँसी यातायात पुलिस ने आम नागरिकों, व्यापारियों और वाहन चालकों से अपील की है कि असुविधा से बचने के लिए निर्धारित डायवर्जन प्लान का पालन करें और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें। चौराहों पर तैनात यातायात पुलिसकर्मियों का सहयोग करने की भी अपील की गई है, ताकि नवरात्रि प्रतिमा विसर्जन और दशहरा पर्व सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
