
झाँसी पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्यवाही करते हुए करीब 350 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में बरामद गांजे की कीमत लगभग 1.75 करोड़ रुपये आंकी जा रही है। पुलिस ने इस मामले में चार गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक झाँसी बीबीजीटीएस मूर्ति ने प्रेसवार्ता में बताया कि थाना रक्सा पुलिस और एएनटीएफ झाँसी की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर 14 जून को सिजवाहा तिराहा, ललितपुर मार्ग (एनएच-44) पर चेकिंग के दौरान एक ट्रक और एक कार को रोका। तलाशी में ट्रक से 350 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मध्य प्रदेश के शिवपुरी और ग्वालियर जिलों के रहने वाले मुन्नालाल झा, बालगोविंद ओझा, संजय अग्रवाल और संजय गौर के रूप में हुई है।
ओडिशा से लाया गया था गांजा
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे लंबे समय से गांजा तस्करी का कारोबार कर रहे थे। इस बार उन्होंने ओडिशा से सस्ते दामों पर गांजा खरीदकर ट्रक में लोड किया था। तस्करी के दौरान ट्रक के आगे एक कार चलाकर निगरानी की जा रही थी। गांजे को उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों में ऊंचे दामों पर बेचकर मोटा मुनाफा कमाने की योजना थी।
पुलिस ने 350 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ एक ट्रक संख्या UP 80 ET 0669, एक कार संख्या MP 33 C 4935 एवं 8 मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं l
