
झाँसी मंडल पर मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार के मार्गदर्शन में रेल इन्फ्रास्ट्रक्चर के सुदृढ़ीकरण एवं यात्री सुविधाओं के विस्तार हेतु विभिन्न महत्वपूर्ण कार्य निरंतर किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मंडल में कई उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की गई हैं।
रेल संरक्षा एवं परिचालन क्षमता को बढ़ाने के उद्देश्य से वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी – मानिकपुर खंड , लालितपुर-खजुराहो एवं वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी – कानपुर सेक्शनों में कुल 10 थिक वेब स्विच (TWS) लगाए गए हैं। इन कार्यों से ट्रैक की विश्वसनीयता एवं सुरक्षित रेल संचालन को और मजबूती मिलेगी।
इसी प्रकार, बीना–वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी सेक्शन में स्थित ब्रिज संख्या 1267/1 डाउन लाइन पर 26 स्टील चैनल स्लीपर्स को बदलकर एच-बीम स्लीपर्स स्थापित किए गए हैं। यह कार्य पुलों की संरचनात्मक मजबूती बढ़ाने तथा दीर्घकालिक सुरक्षित संचालन सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
यात्रियों, विशेषकर दिव्यांगजन यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंडल के आटा, बेलाताल, शनीचरा एवं कुलपहाड़ स्टेशनों पर अल्पकालिक दिव्यांग सुविधा संबंधी कार्य संपन्न किए गए हैं, जिससे यात्रियों को अधिक सुगम एवं सुविधाजनक यात्रा अनुभव प्राप्त होगा।
इसके अतिरिक्त यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षित आवागमन हेतु उदयपुरा प्लेटफॉर्म संख्या-1, इचौली प्लेटफॉर्म संख्या-1 तथा खैरार प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर उच्च स्तरीय (हाई लेवल) प्लेटफॉर्म निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है। इससे यात्रियों के चढ़ने एवं उतरने में सुविधा बढ़ेगी तथा यात्रा अनुभव बेहतर होगा।
झाँसी मंडल यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं आधुनिक रेल सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है तथा भविष्य में भी अधोसंरचना विकास एवं यात्री सुविधाओं के विस्तार के लिए ऐसे कार्य जारी रहेंगे।
