
तहसील झाँसी सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस पर जिलाधिकारी मृदुल चौधरी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने संयुक्त रूप से प्रतिभाग किया और शिकायतों को सुन समय से निस्तारण करने के निर्देश दिए।
तहसील सदर में संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने अधिकारियों की अनुपस्थित पर सख्त नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई अश्वनी सिन्हा एवं एएमए अली वारिस जिला पंचायत को शो-कोज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा संपूर्ण समाधान दिवस मुख्यमंत्री की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही अथवा शिकायतों के निस्तारण में शिथिलता कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

समाधान दिवस के मौके पर उन्होंने निर्देश दिए कि आइजीआरएस पोर्टल की शिकायतों एवं संपूर्ण समाधान दिवस सहित थाना समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण समय सीमा में और गुणवत्ता परक किया जाना सुनिश्चित किया जाए ताकि शासन स्तर से निस्तारण का फीडबैक लेने पर शिकायतकर्ता द्वारा शिकायत से संतुष्ट होने की जानकारी दें। उन्होंने शिकायत रजिस्टर का निरीक्षण करते हुए मौके पर ही निस्तारित शिकायतों के शिकायतकर्ता से फोन से वार्ता करते हुए संतुष्टि की जानकारी ली।

संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने जनपद में शीतलहर के दृष्टिगत नगर निगम समस्त नगरपालिकाओं एंव नगर पंचायतों में बने रैन बसेरा में समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी दशा में कोई भी निराश्रित गरीब असहाय खुले में सोता हुआ न मिले उसे तत्काल रेनबसेरा में पहुंचाया जाए। जिलाधिकारी ने आज शिकायतकर्ता गरीब वृद्ध को ठंड से बचने के लिए कम्बल भेंट किया।

जिलाधिकारी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस पर निजी भूमि सहित सरकारी भूमि/चकरोड परअवैध कब्जों की शिकायतों पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने समस्त लेखपालों को निर्देश दिए कि गलत ढंग से भूमि पर कब्जा करने वाले अथवा बार बार पैमाइश की बात पत्थरगड्डी उखाड़कर पुनः कब्जा करने वालों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि भूमि विवाद ना निपटने की स्थिति में धारा 145 पर कार्यवाही करें, उन्होंने धारा 24, पुलिस द्वारा धारा 107/16,सरकारी भूमि पर कब्जा होने पर धारा 151 की कार्यवाही करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने भूमि संबंधित शिकायतों के निस्तारण को और प्रभावी ढंग से करने के लिए धारा 447 में भी कार्यवाही किए जाने के निर्देश दिए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस पर रमेश चंद्र गुप्ता पुत्र स्वर्गीय राजाराम गुप्ता निवासी जानकीपुरम कालोनी सिविल लाइन झाँसी ने शिकायती पत्र देते हुए निवेदन किया कि प्रार्थी द्वारा वर्ष 2004 में मौजा लहरगिर्द में “लहर इन्क्लेव” कॉलोनी के नाम से झाँसी विकास प्राधिकरण द्वारा प्रमाणित कराकर कॉलोनी का निर्माण कराया तथा उक्त कॉलोनी में विकास कार्य करने के बाद प्रार्थी के कुछ प्लॉट खाली पड़े हुए हैं, जिस पर दबंग / भू-माफिया राजेश यादव पुत्र स्व० नाथूराम, प्रशांत यादव पुत्र स्व० चन्द्रपाल यादव निवासीगण लहरगिर्द थाना सीपरी बाजार, झाँसी द्वारा उक्त प्लॉटों पर अवैध कब्जा / निर्माण कर रहे हैं। प्रार्थी अपनी कॉलोनी में कभी कभार देखने जा पाता है तो उक्त दबंग लोगों द्वारा प्रार्थी के साथ गाली गलौज एवं जान से मारने की धमकी दी जाती है।
जिलाधिकारी ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तत्काल सिटी मजिस्ट्रेट/एसडीएम सदर एवं सीओ सिटी की टीम गठित कर मौके का स्थलीय निरीक्षण करते हुए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इस मौके पर प्रभागीय वनाधिकारी नीरज कुमार आर्य, एसडीएम सदर गोपेश तिवारी, सीओ सिटी रामवीर सिंह, तहसीलदार सदर विवेक कुमार सहित समस्त विभागों के जिलास्तरीय अधिकारी अधिकारी उपस्थित रहे।
