
झाँसी मंडल के कार्मिक विभाग द्वारा कार्मिक विभाग मीटिंग हॉल में वर्ष 2026 की प्रथम पेंशन अदालत का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने सभी सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि आप सभी रेल परिवार के सम्मानित सदस्य हैं। अतः यह हमारा दायित्व है कि सेवानिवृत्ति के उपरांत पेंशन संबंधी समस्याओं एवं शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
इससे पूर्व सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों का स्वागत करते हुए वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार शर्मा द्वारा बताया गया कि जून-2026 की पेंशन अदालत में कुल 28 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनमें 21 पेंशन संबंधी तथा 07 गैर-पेंशनरी लाभों से संबंधित हैं। कार्मिक एवं लेखा विभाग द्वारा सभी प्रकरणों की गंभीरता से जांच करते हुए त्वरित कार्यवाही की गई तथा उनका नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित किया गया।
वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार शर्मा के निर्देशन में मंडल के कल्याण निरीक्षकों द्वारा सभी 28 सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों से फोन के माध्यम से संपर्क स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं शिकायतों के निस्तारण की स्थिति से अवगत कराया गया। कार्मिक विभाग द्वारा पेंशनरों से व्यक्तिगत संवाद स्थापित कर न केवल उनके आवेदनों पर की गई कार्रवाई की जानकारी दी गई, बल्कि उनके कुशलक्षेम एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी भी प्राप्त की गई।
सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों ने कल्याण निरीक्षकों द्वारा किए गए संपर्क एवं सहयोगात्मक प्रयासों की सराहना की तथा रेल प्रशासन द्वारा की गई कार्यवाही पर संतोष व्यक्त किया।
कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी द्वारा सभी उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि कार्मिक विभाग भविष्य में भी उनकी समस्याओं के समाधान हेतु सदैव तत्पर रहेगा।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) प्रेम प्रकाश शर्मा, वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक सत्य साधन सिंह, मंडल कार्मिक अधिकारी जी.पी. मिश्रा, सहायक कार्मिक अधिकारी (सुरक्षा) अशोक कुमार मीना, सहायक कार्मिक अधिकारी (कल्याण) आदेश कुमार मिश्रा, सहायक मंडल वित्त प्रबंधक परसराम मीना, मुख्य कर्मचारी एवं कल्याण निरीक्षक तथा पेंशनर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधिगण सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
