
झाँसी मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी के निर्देशन में आज रेलवे स्टेशन चित्रकूट धाम कर्वी में एक महत्वपूर्ण संरक्षा (सुरक्षा) सेमिनार का आयोजन किया गया। सेमिनार का उद्देश्य रेल परिचालन एवं अनुरक्षण कार्यों में सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा संरक्षा संबंधी नियमों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करना था।
इस अवसर पर स्टेशन प्रबंधक, चित्रकूट धाम कर्वी कमलाकांत, सेफ्टी काउंसलर/लोको बांदा के. द्विवेदी, सेफ्टी काउंसलर/लोको झाँसी सहित विभिन्न विभागों के लगभग 65 रेल कर्मचारियों एवं पर्यवेक्षकों ने सहभागिता की।
सेमिनार के दौरान शंटिंग एवं लोड स्टेबलिंग के समय बरती जाने वाली सावधानियाँ, CRO की घटनाओं की रोकथाम, प्वाइंट एवं क्रॉसिंग का समुचित अनुरक्षण, समपार फाटकों का रखरखाव, SPAD (सिग्नल पास्ड एट डेंजर) से बचाव, ट्रेनों में हॉट एक्सल की पहचान एवं आवश्यक कार्रवाई, अग्नि सुरक्षा तथा ओएचई (OHE) अनुरक्षण के दौरान अपनाई जाने वाली संरक्षा सावधानियों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
वक्ताओं ने संरक्षा को रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कर्मचारियों से कार्य के दौरान निर्धारित सुरक्षा नियमों एवं प्रक्रियाओं का पूर्णतः पालन करने का आह्वान किया। सेमिनार में उपस्थित कर्मचारियों ने भी संरक्षा संबंधी अपने अनुभव साझा किए तथा विभिन्न विषयों पर जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।
सेमिनार की अध्यक्षता सेफ्टी काउंसलर/लोको झाँसी के. द्विवेदी द्वारा की गई। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने सुरक्षित रेल संचालन हेतु सतत सजग एवं प्रतिबद्ध रहने का संकल्प लिया।
