
झाँसी के रक्सा थाना क्षेत्र से एक दिल को झकझोर देने वाली घटना सामने आई। जहां एक पिता ने अपने लगभग तीन वर्ष के बच्चे की चाकू से वार कर हत्या कर दी और फिर खुद भी फंदे पर झूलकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी।
रक्सा थाना क्षेत्र के ग्राम ढीमरपुरा निवासी प्रेमसिंह अपने परिवार के साथ रहता था। परिवार के लोगों ने बताया कि प्रेम सिंह देर रात किसी शादी से नशे में लौटा था लौटकर आने पर उसकी परिवार के लोगों से कहासुनी हुई थी, उसकी पत्नी ओर परिवार के सदस्य घर के बाहर सो रहे थे। रात लगभग तीन बजे उसकी पत्नी को आहट आई तो उसने उठ कर कमरे में खिड़की से कमरे में झांक कर देखा कि उसकी पति प्रेमसिंह फांसी के फंदे पर लटका हुआ है। इस घटना की सूचना तत्काल डायल 112 को दी गई। सूचना पर पहुंची डायल 112 के साथ रक्सा थाना पुलिस सहित फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई । जांच पड़ताल कर किसी प्रकार दरवाजा खुलवाकर पुलिस कमरे में दाखिल हुई तो देखा प्रेमसिंह का शव साड़ी से बनाए गए फंदे पर लटका हुआ था और उसका तीन वर्षीय पुत्र मृत अवस्था में खून से लथपथ जमीन पर पड़ा था। पुलिस ने दोनों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आखिर उसने अपने बच्चे की हत्या क्यों की पुलिस इस मामले में जांच कर रही है।
