
मुख्य चिकित्सा अधिकारी झाँसी डॉ शिशिर पुरी ने बबीना क्षेत्र की विभिन्न स्वास्थ्य इकाइयों का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्वास्थ्य केन्द्रों पर उपलब्ध दवाओं, चिकित्सकीय सेवाओं, प्रसव व्यवस्था, स्टाफ की उपस्थिति तथा साफ-सफाई की स्थिति का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बबीना का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान इमरजेंसी में चिकित्सकीय सेवाएं संचालित मिलीं। प्रसव कक्ष में स्टाफ नर्स द्वारा बताया गया कि स्वास्थ्य केन्द्र पर 8 प्रसव कराए गए हैं, जिनमें एक प्रसव सिजेरियन भी हुआ है। महिला वार्ड के निरीक्षण के दौरान 8 प्रसूताएं भर्ती मिलीं।
अंतर्राष्ट्रीय बेटी दिवस के अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सभी प्रसूता महिलाओं को फल वितरित किए। उन्होंने प्रसूता महिलाओं से बातचीत करते हुए बताया कि समाज में बेटियों के प्रति प्रेम, सम्मान को बढ़ावा देने, कन्या भ्रूण हत्या जैसी कुप्रथाओं के खिलाफ जागरूकता फैलाने तथा बेटा-बेटी में भेदभाव मिटाने के उद्देश्य से अंतर्राष्ट्रीय बेटी दिवस मनाया जाता है। उन्होंने चिकित्सालय में पर्याप्त मात्रा में एएसवी (एंटी स्नेक वेनम) एवं एआरवी (एंटी रेबीज़ वैक्सीन) के साथ आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित रखने के निर्देश दिएl
