
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर झाँसी परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक आकाश कुलहरि ने शिविर कार्यालय में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता, कर्तव्यनिष्ठा तथा नारी एवं बाल सुरक्षा के प्रति सजग रहने की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम में आईजी आकाश कुलहरि ने महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के आदर्शों को स्मरण करते हुए उनके विचारों को जीवन में आत्मसात करने का संकल्प दिलाया। साथ ही समाज में महिलाओं एवं बच्चों के लिए सुरक्षित, भयमुक्त और सम्मानजनक वातावरण सुनिश्चित करने के प्रति पुलिसकर्मियों को अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया l
गांधी जयंती समारोह के दौरान झाँसी परिक्षेत्र कार्यालय में तैनात मुख्य आरक्षी देवेंद्र प्रताप सिंह को पुलिस सेवा में उनके सराहनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश द्वारा प्रदान किए गए प्रशंसा चिह्न (रजत) को आईजी आकाश कुलहरि ने उनकी वर्दी पर अलंकृत कर उन्हें सम्मानित किया।
इसके अतिरिक्त कार्यालय में कार्यरत चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को वस्त्र भेंट किए गए। कार्यक्रम के माध्यम से पुलिस विभाग में कर्तव्यनिष्ठा, सेवा भावना, स्वच्छता और सामाजिक उत्तरदायित्व के मूल्यों को मजबूत करने का संदेश दिया।
