
झाँसी में थाना कोतवाली क्षेत्र के भांडेरी गेट में उस समय अफरातफरी मच गई जब दो पक्षों की लड़ाई को कुसुम देवी पत्नी रज्जन देख रहीं थीं, दोनों पक्षों में पहले काफी देर तक पथराव बाजी हुई फिर अचानक एक पक्ष ने तमंचे से फायरिंग कर दी, फायरिंग में एक गोली लड़ाई को देख रहीं कुसुम देवी को लगी और वह वहीं गिर गईं साथ ही पास ही खड़े उनके लड़के राहुल को छर्रे लग गए।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मां – बेटे को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने कुसुम देवी को मृत घोषित कर दिया और पुत्र को मेडिकल कॉलेज इलाज के लिए भेज दिया।
एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया कि थाना कोतवाली क्षेत्र के भांडेरी गेट मोहल्ले से सूचना मिली कि दो पक्षों के बीच फायरिंग हुई है । पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची, पूछताछ में मालूम पड़ा कि जितेन्द्र और अमित वाल्मीकि,जो आपस में रिश्तेदार हैं इनके बीच झगड़ा हुआ। दोनों परिवार के लोग पारिवारिक शादी में ललितपुर गए थे और वहीं से वापस आये थे, ललितपुर में ही इन लोगों के बीच विवाद हुआ था और जब वापस आए तो आज फिर से उसी बात को लेकर विवाद हुआ जिसमें पथराव बाजी और फायरिंग की घटना हुई l
एसपी सिटी ने बताया कि पड़ोस में रहने वाली महिला हो रहे विवाद को देख रही थी। इसी दौरान दोनों पक्ष में विवाद के दौरान एक पक्ष ने तमंचे से फायरिंग कर दी। जिसमें फायरिंग के दौरान एक गोली कुसुम देवी को जा लगी, वहीं उनके पास खड़े लड़के राहुल को छर्रे लग गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल मां बेटे को जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने कुसुम देवी को मृत घोषित कर दिया।
मामले में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है, दोनों पक्षों से कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। गोली चलाने के आरोपी को भी हिरासत में ले लिया गया है। पथराव में कई लोग घायल भी हुए हैं सभी को उपचार के लिए भेजा गया है ।
