
भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय के भूमि संसाधन विभाग द्वारा नगरीय क्षेत्रों में आधुनिक भू-अभिलेख तैयार करने के उद्देश्य से संचालित National Geospatial Knowledge-based Land Survey of Urban Habitations (NAKSHA) परियोजना के अंतर्गत नगर निगम झाँसी का चयन किया गया है। परियोजना के सफल क्रियान्वयन के लिए नगर निगम क्षेत्र में 26 सर्वे टीमों का गठन किया गया है।
नगर निगम एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ गठित सर्वे टीमें विभिन्न वार्डों में पहुंचकर ग्राउंड ट्रुथिंग का कार्य कर रही हैं।
इसी क्रम में आज नगर आयुक्त आकांक्षा राणा ने वार्ड 56, टौरिया नरसिंह राव पहुंचकर सर्वे टीम द्वारा किए जा रहे ग्राउंड ट्रुथिंग कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया l
निरीक्षण के दौरान सहायक नगर आयुक्त एवं NAKSHA परियोजना के नोडल प्रभारी गौरव कुमार, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक प्रदीप अग्निहोत्री, संबंधित वार्ड के पार्षद तथा सर्वे टीम के सदस्य उपस्थित रहे।
नागरिकों से सहयोग की अपील
नगर निगम ने सभी पार्षदों एवं शहरवासियों से अपील की है कि NAKSHA परियोजना के सर्वे कार्य में सहयोग करते हुए सर्वे टीम को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराएं। सर्वे के दौरान निम्न जानकारी एवं दस्तावेज मांगे जा सकते हैं—
भवन स्वामी का आधार कार्ड अथवा कोई अन्य फोटो पहचान पत्र।
संपत्ति स्वामित्व संबंधी दस्तावेज, जिसमें क्षेत्रफल/एरिया अंकित हो।
संपत्ति मालिक का फोटो (यदि मालिक उपस्थित न हो तो जानकारी देने वाले व्यक्ति का फोटो केवल रिकॉर्ड हेतु)।
संपत्ति की 2–3 फोटो, जिनमें संभव हो तो संपत्ति स्वामी भी शामिल हों।
गृहकर संबंधी दस्तावेज (यदि उपलब्ध हों)।
संपत्ति स्वामी का मोबाइल नंबर।
